नमो ऐप के जरिए चंदा मांग रही भाजपा, केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने दान किए १००० रुपये
भाजपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों से ‘नमो एप’ के माध्यम से ५ रुपये से लेकर १००० रुपये तक की धनराशि का योगदान देने का आग्रह किया है। केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने इसके माध्यम से १००० रुपये का योगदान दिया है ।
भाजपा ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी अपील में कहा है ‘‘आपका छोटा योगदान ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण में बड़ा अंतर ला सकता है । इसलिये नमो एप के माध्यम से ५ रुपये, ५० रुपये, १०० रुपये, ५०० रुपये और १००० रुपये का छोटा छोटा योगदान करें और भाजपा को मजबूत बनायें ।’’
भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने अपने ट्वीट में कहा है कि, ‘‘ मैंने भी इस एप पर १००० रुपये की राशि दी । मेरा सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा हितैषियों से अनुरोध है कि सार्वजनिक जीवन शुचिता बनाये रखने के लिए इस अभियान में अपना योगदान अवश्य दें। ’’
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शुचिता बहुत आवश्यक है। इसी आवश्यकता को महसूस करते हुए भाजपा ने “नमो एप” पर अपने कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों से छोटी राशि इकट्ठा करने का अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि इसमें ५ रुपये से लेकर १००० रुपये तक की राशि दी जा सकती है । १००० रुपये से अधिक की राशि स्वीकार नहीं की जाती।
