'#MeToo', चार फौजियों पर केस

इंदौर, पुणे में सेना के एक अस्पताल में काम करने वाली 34 वर्षीय मूक-बधिर महिला ने अपने साथ हुए दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के बारे में इशारों में शिकायत की है। इस पर चार फौजियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

इंदौर के तुकोगंज थाने में मूक-बधिर व्यक्तियों की मदद के लिए चलाए जा रहे पुलिस सहायता केंद्र के मुख्य समन्वयक ज्ञानेंद्र पुरोहित ने बुधवार को बताया कि पीड़ित महिला ने उनसे जून में संपर्क किया था। उसने विडियो कॉल पर इशारों के जरिए आपबीती बताई थी। 

महिला का आरोप है कि पुणे के खड़की स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल के चार फौजी सहकर्मियों ने अलग-अलग मौकों पर उसका यौन शोषण किया। उसने अस्पताल में काम करने वाले कुछ लोगों को इशारों में पूरी बात बताने की कोशिश की, लेकिन वे समझ नहीं सके। 

ज्ञानेंद्र ने 5 जुलाई को हॉस्पिटल प्रशासन को घटना की जानकारी दी थी। कार्रवाई के लिए मिलिट्री हॉस्पिटल के कमांडेंट से भी अनुरोध किया था। ज्ञानेंद्र की पत्नी मोनिका भी मूक-बधिर समुदाय के लिए काम करती हैं। उन्होंने अगस्त में रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण और सेना के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।