जल्द शुरू होगा मुंबई का नया रेल कॉरिडोर

मुंबई: मध्य रेलवे पर जल्दी ही चौथे कॉरिडोर की शुरुआत होने वाली है। उरण से सीवुड तक लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है। स्टेशन बन कर तैयार हैं। अब इंतजार है, तो बस रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) के निरीक्षण का, जिसके बाद यहां लोकल ट्रेनें दौड़ने लगेंगी। मध्य रेलवे का दावा है कि सीवुड-उरण लाइन के पहले चरण पर जल्दी ही ट्रेन चलाई जाएगी। इस परियोजना के पहले चरण में उल्वे नवी मुंबई हवाई अड्डे तक कॉरिडोर जोड़ा जाएगा। यह लाइन सिडको ने तैयार की है। इस कॉरिडोर के पूरी तरह से शुरू होने के बाद मुंबई से रायगड तक का सफर आसान हो जाएगा। 1997 में इस परियोजना का बजट 495 करोड़ रुपये था, जो अब चार गुना बढ़ गया।

1997 में शुरू हुई इस परियोजना का पहले फेज यानी सीवुड से खारकोपर तक 12 किमी का काम पूरा हो चुका है। इस पहले फेज में कुल पांच स्टेशन होंगे। खारकोपर, तारघर और बामणडोंगरी स्टेशन का निर्माण कार्य मार्च 2017 में शुरू किया गया था। अब यहां पटरियां बिछाने के अलावा इलेक्ट्रिफिकेशन और सिग्नलिंग का काम भी पूरा हो चुका है। रविवार को मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डी.के.शर्मा और डीआरएम एस.के.जैन सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने इस लाइन का निरीक्षण किया। सूत्रों के अनुसार, दिसंबर तक इस रूट पर ट्रेनें चलाने की कोशिश रहेगी।

सीवुड-उरण लाइन पर बने नए स्टेशन खारकोपर का निरीक्षण करते हुए मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डी.के.शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी।