सिलिंडर ब्लास्ट में जख्मी महिला की हुई मौत

ठाणे: शहर के वागले इस्टेट परिसर में गैस सिलिंडर फटने के बाद हुए धमाके में गंभीर रूप से झुलसी कमलावती शर्मा की रविवार सुबह मौत हो गई। हादसे में उसका पति गोमती प्रसाद शर्मा, बेटा नारायण और शिवा गंभीर जख्मी है। सभी की हालत नाजुक है। डॉक्टरों के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य करीब 90 फीसद झुलस गए हैं।

इंदिरा नगर परिसर में संस्कार क्लासेस के करीब बुद्ध विहार है। यहीं फर्श बनाने और टाइल्स लगाने का काम चल रहा था। उसी के अंदर गाड़ी में लगाया जाने वाला पुराना एलपीजी सिलिंडर रखा था। शर्मा परिवार वहीं रहकर फर्नीचर का काम करता था। शनिवार रात करीब 8 बजे सिलिंडर फट गया। घनी बस्ती के चलते शर्मा परिवार के सदस्यों को भागने का मौका नहीं मिला और सभी उसकी चपेट में आ गए। हादसे में शर्मा परिवार के अलावा, मकबूल खान (29) बलिराम भंडारे (60), कल्पेश रेडकर (22), आदित्य लहाने (19) और शमसाद सिद्दीकी (19) भी झुलस गए हैं। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से शर्मा परिवार के बाकी सदस्यों की हालत नाजुक है। मनपा डिजास्टर सेल के प्रमुख संतोष कदम के मुताबिक, सिलिंडर बहुत दिनों से वहां रखा था। आशंका है कि उसमें धीरे-धीरे रिसाव हो रहा था। खबर मिलते ही ठाणे जिले के पालकमंत्री एकनाथ शिंदे भी घटनास्थल पर पहुंचे और सिविल अस्पताल जाकर जख्मी लोगों का हाल-चाल जाना।