चंदा कोचर का ICICI से इस्तीफा, बख्शी नए एमडी

नई दिल्ली: आईसीआईसीआई बैंक की मैनेजिंग डायरेक्टर चंदा कोचर ने तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बैंक के बोर्ड ने समय से पूर्व पद छोड़ने की उनकी मांग को स्वीकार करने के बाद उनकी जगह संदीप बख्शी को अगला मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जेक्युटिव ऑफिसर नियुक्त किया है। बख्शी का कार्यकाल 5 सालों का होगा, जो 3 अक्टूबर 2023 को पूरा होगा। 

आईसीआईसीआई बैंक की प्रमुख चंदा कोचर और उनके परिवार पर लगे कथित अनियमितता के आरोपों की कई एजेंसियां जांच कर रही हैं। बैंक ने रेग्युलेटरी फाइलिंग में कहा है कि कोचर के खिलाफ चल रही जांच का उस पर कोई असर नहीं पड़ेगा। 

बैंक कथित 'हितों के टकराव' और 'फायदा के बदले फायदा पहुंचाने' के मामले की स्वतंत्र जांच करा रहा है। चंदा कोचर और आईसीआईसीआई बैंक से जुड़े मामले को सेबी के अलावा आरबीआई और कॉर्पोरेट अफेयर्स मिनिस्ट्री भी देख रही हैं। 

ऐसे आरोप हैं कि चंदा कोचर के पति दीपक कोचर समेत उनके परिवार के सदस्यों को कर्ज पाने वालों की तरफ से वित्तीय फायदे पहुंचाए गए। आरोप है कि आईसीआईसीआई बैंक 

से लोन मिलने के 6 महीने बाद विडियोकॉन ग्रुप के चेयरमैन वेणुगोपाल धूत ने कंपनी का स्वामित्व दीपक कोचर के एक ट्रस्ट को 9 लाख रुपये में ट्रांसफर कर दिया।