बचने के लिए तीसरी मंजिल से लगाई छलांग

ठाणे : सिगरेट न देने पर नारज सात लोगों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। घबराये युवक ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत की तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगाई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी राजेश पाल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत नाजुक बनी है। ठाणे की चितलसर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और घटना के बाद से फरार हुए आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुलिस के मुताबिक राजेश पाल घोडबंदर रोड स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में प्लास्टर और स्टील फ्रेम बनाने का काम करता है। रात 11 बजे वह सिगरेट पी रहा था। उसी समय वहां रहे कुछ अन्य मजदूरों से उसकी कहासुनी हो गई। एक ने राजेश से सिगरेट मांगी, लेकिन उसने सिगरेट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने लाठी और लोहे के सरिए से राजेश की बुरी तरह पिटाई कर दी। घबराये राजेश ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत की तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पाल को गंभीर स्थिति में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चितलसर पुलिस ने बलरामकुमार यादव की शिकायत पर सद्दाम हुसेन नईम, मोहमम्द वकील आलम, मंजूर आलम, मनबीर आलम, सोफियान बशीरुद्दीन, आफताब आलम और एहतेशाम आलम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।