हादसे का िशकार हुई डाॅक्टरों से भरी बस

मुंबई : मुंबई से औरंगाबाद जा रही डॉक्टरों से भरी एक लग्जरी बस अहमदनगर के पास शनिवार तड़के दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में जहां ड्राइवर की मौके पर मौत हो गई, वहीं बस में सवार तकरीबन 20 डॉक्टर घायल हुए हैं। इनमें से 3 की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। बस में ड्राइवर सहित 42 लोग सवार थे। अधिकतर डॉक्टर टाटा कैंसर हॉस्पिटल से हैं।
टाटा अस्पताल के रेडिएशन विभाग के डॉ. सिद्धार्थ लस्कर ने कहा कि डॉ. पुष्कर इंग्ले को सिर में गंभीर चोट आने के कारण उन्हें फोर्टिस अस्पताल लाया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल डॉ. अनिल और कॉल्टन को चेंबूर स्थित बीआरसी अस्पताल में लाया जाएगा। रास्ते में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें मुंबई लाया जा रहा है। बता दें कि इनके अलावा, 23 अन्य डॉक्टरों को भी मुंबई लाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक डॉक्टरों को लेकर मुंबई के लिए निकली ऐम्बुलेंस लोनावला पहुंच चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, औरंगाबाद में आयोजित एक मेडिकल कॉन्फ्रेंस में शामिल होने मुंबई से 40 कैंसर रोग विशेषज्ञ जा रहे थे। शुक्रवार रात 7.30 बजे मुंबई से लग्जरी बस में डॉक्टरों की टीम औरंगाबाद के लिए निकली। शनिवार तड़के यह बस अहमदनगर के पास कंटेनर से टकरा गई। आनन-फानन में डॉक्टरों को पास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। टाटा अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में पुष्कर इंग्ले को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, डॉ. अनिल और कॉल्टन जॉली को भी सिर के अलावा शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें आईं।