स्‍कूल के टॉइलट में नौ साल की छात्रा ने लगाया रेप का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

नवी मुंबई 

मुंबई में 9 साल की एक बच्ची ने अपने स्कूल के टॉइलट में रेप का आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि वॉचमैन के टॉइलट में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया गया। छात्रा की मां ने वाशी पुल‍िस स्‍टेशन में इस संबंध में केस दर्ज कराया है। 

पुल‍िस के मुताबिक बच्ची ने अपने बयान में बताया कि स्कूल के वॉचमैन के लिए बने वॉशरूम में मंगलवार को रेप की वारदात को अंजाम दिया गया। बच्ची ने जब मांं को बताया क‍ि उसके प्राइवेट पार्ट में दर्द हो रहा है, उसके बाद मामले का पता चला। बच्ची की मां ने देखा तो उसके प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था और घाव के न‍िशान भी मिले। यह देखते ही मां उसे तुरंत हॉस्‍प‍िटल ले गई। डॉक्टर ने बच्ची की मां से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को कहा। 

स्कूल में या बाहर कहां हुआ रेप? 

पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से बच्ची सदमे में है और वह लगातार बयान बदल रही है। पुलिस अफसर का कहना है कि अभी यह साफ नहीं है कि उसके साथ रेप स्कूल के अंदर हुआ या फिर कहीं और। अफसर के मुताबिक बच्ची ने पहले कहा कि उसके साथ किसी अजनबी लड़के ने टॉइलट में रेप किया लेकिन बाद में उसने कहा कि एक दूसरे अजनबी ने उस वक्त वारदात को अंजाम दिया, जब वह स्कूल के बाहर एक वड़ा पाव स्टॉल पर गई थी। 

पुलिस का कहना है, 'बच्ची ने पांचवीं के एक स्कूल छात्र पर भी शक जताया है लेकिन वह इतना कमजोर है कि अकेले बच्ची की आंखों पर पट्टी बांधकर और जबरन साथ ले जाते हुए रेप करना नामुमकिन लगता है।' एक और पुलिस अफसर का कहना है कि बच्ची के बयान के मुताब‍िक रेप की घटना सुबह 11.30 बजे की है, जबक‍ि उस समय प्राइमरी क्‍लास के बच्‍चों की भीड़ स्‍कूल पर‍िसर में जुटती है। ऐसे में उस वक्त रेप असंभव लगता है। पुलिस फ‍िलहाल इस मामले की छानबीन कर रही है।