15 टन राहत सामग्री सोशल मीडिया पर अपील कर जुटाई

मुंबई: केरल बाढ़ आपदा में फंसे लोगों की मदद करने के लिए इस बार मुंबई के किन्नर और ऐसिड अटैक पीड़ित महिलाएं सामने आई हैं। इन लोगों ने पहल कर 15 टन राहत सामग्री जुटाई है।
डॉ. अनिल मुरारका के नेतृत्व में किन्नरों और ऐसिड अटैक पीड़ित महिलाओं ने ‘ऐंपल मिशन’ के तहत इस पहल को शुरू किया है। यह जानकारी मिशन से जुड़े देव प्रसाद ने दी है। प्रसाद ने बताया कि ऐसिड पीड़ितों के लिए काम करने वाली संस्था सुहास फाउंडेशन और ऐंपल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में सैकड़ों किलोग्राम जीवनोपयोगी सामान जुटाया गया है। इसे ट्रकों में भरकर केरल भेजा जा रहा है। अनाज, कपड़े, दवाइयां और सैनिटरी नैपकिन समेत अन्य सामानों से लदा एक ट्रक गुरुवार को दिंडोशी से केरल के लिए रवाना किया गया।
ऐंपल मिशन और सुहास फाउंडेशन से जुड़े लोगों के अनुसार, ‘हम लोग सोशल मीडिया की मदद से लोगों से केरल बाढ़ प्रभावितों को सामान देने की अपील कर रहे हैं। साथ ही, किन्नरों और ऐसिड प्रभावितों ने घर-घर जाकर लोगों से सैनिटरी नैपकिन, कपड़े, दवाइयां, अनाज और अन्य सामान जुटाया। यह सामान दिंडोशी स्थित ऐंपल मिशन के कार्यालय में जमा करने के बाद सही से पैकिंग कर उसे केरल के लिए भेज दिया। गुरुवार को सात टन सामान सड़क मार्ग से केरल भेजा गया है, जो 25 जून तक वहां पहुंच जाएगा। इससे पहले भी एक ट्रक सामान केरल भेजा गया था।’ इन लोगों ने सात दिन में करीब 15 टन राहत सामग्री केरल भेजी है।