पांच साल की बच्ची जीका से संक्रमित मिली
मुंबई, पिछले दो वर्षों से पूरा विश्व कोरोना महामारी का सामना कर रहा है। वर्तमान में भले ही कोरोना के प्रसार की तीव्रता में कमी आई हो लेकिन कुछ जगहों पर अब भी मरीज मिल रहे हैं। जहां तक हिंदुस्थान की बात है तो कोरोना का खतरा लगभग खत्म हो गया है। लेकिन कोरोना के बाद अब एक नए संकट के बादल मंडराने लगे हैं। हिंदुस्थान में जानलेवा जीका वायरस ने लोगों को चिंतित कर दिया है। पुणे के बाद कर्नाटक में वायरस के संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। यहां के रायचूर जिले में एक पांच साल की बच्ची में इस वायरस की पुष्टि हुई है। जानकारों की मानें तो यह वायरस कोरोना से भी घातक है। ऐसे में इसे लेकर सरकार और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की चिंता बढ़ गई है। सरकार सभी आवश्यक उपाय कर रही है और जल्द ही इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पुणे की लैब से हमें जो रिपोर्ट मिली है, उसमें एक बच्ची के जीका वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। पांच दिसंबर को राज्य से कुल तीन ब्लड सैंपल पुणे भेजे गए थे। दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिस बच्ची की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, उसकी उम्र पांच साल है। फिलहाल इस बच्ची पर स्वास्थ्य विभाग की नजर है।
