मामा की शिकायत! थाने पहुंचकर मासूम ने कही जेल में डालने की बात
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक मासूम बच्चे द्वारा थाना प्रभारी से रिपोर्ट लिखवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिले के अम्बाह में एक ढाई साल का बच्चा अपने ‘मामा’ की शिकायत करने थाने पहुंच गया। पुलिस के सामने उसने ‘मामा’ की शिकायत की झड़ी लगा दी। मासूम का कहना था कि मेरी मम्मी, मामा के यहां हैं। मामा, मम्मी से लड़ाई करते हैं और वो मुझे ‘न्योता’ खिलाने नहीं ले जाते हैं। उनको जेल में डाल दो। अम्बाह थाना प्रभारी ने भी बच्चे का दिल रखने के लिए कागज पेन लेकर नाम पूछा तो उसने अपना नाम अरुण और मामा का नाम लाखन बताया। इस मासूम का वीडियो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। टीआई ने मन रखने के लिए बच्चे को एचसीएम से मिलवाकर ‘मामा’ को जेल भेजने को कहा। बताया जा रहा है कि यह मासूम बच्चा आधा किलोमीटर दूर भुमिया रोड से थाने पैदल आया था। टीआई ने दो आरक्षकों को साथ भेजकर उसे घर भिजवाया। बता दें कि इससे पहले मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से इसी तरह का मामला सामने आया था। जहां एक २ वर्षीय बच्चे को उसकी मां ने डांटा तो नाराज होकर वह पुलिस थाने पहुंच गया और मां के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
