नागपुर : अकारण घूमने वालों पर करें सख्त कार्रवाई
नागपुर : लाकडाउन होने के बावजूद लोग अपने घरों से बेवजह बाहर निकल रहे हैं. अकारण रास्ते पर घूम रहे इन लोगों पर उपमुख्यमंत्री अजीत पवार बिफर गए. उन्होंने नागरिकों को इटली, अमेरिका और स्पेन के हालातों से सबक लेने को कहा. अजीत पवार द्वारा हड़काए जाने के बाद गृह मंत्रालय ने भी इस विषय पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं. वैसे भी पुलिस विभाग रास्तों पर घूम रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है. मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान कार्रवाई की जा रही है. रोजाना दर्जनों लोगों को डिटेन किया जा रहा है. बावजूद इसके लोग सुधर नहीं रहे हैं. ऐसे में सख्त कदम उठाना पुलिस के लिए आवश्यक हो गया है. अब गृह मंत्रालय ऐसे लोगों से सख्ती से निपटने की तैयारी कर रहा है.
सूत्रों का दावा है कि पुलिस को अकारण रास्ते पर घूमने वालों के वाहन 1 माह के लिए जब्त करने के आदेश दिए जा रहे हैं. पुलिस चालान कार्रवाई करने के साथ 1 माह के लिए वाहन जब्त किए जा सकते हैं. 1 महीने बाद ही लोगों को अपने वाहन वापस मिल पाएंगे. ऐसे में अकारण घूमने का भारी खामियाजा भुगतना पड़ सकता है. जरूरत के समय वाहन नहीं होने से परेशानी बढ़ेगी. इतना ही नहीं क्वारेंटाइन किए गए लोगों की तरह बेवजह घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते समय हाथ पर स्टैंप लगाने की भी तैयारी की जा रही है. आसानी से नहीं मिटने वाली स्याही का ठप्पा हाथ पर लगाया जाएगा. यदि दोबारा किसी व्यक्ति को पकड़ा गया तो सीधे हवालात की सैर करवाई जाएगी. अब यदि नागरिक नहीं सुधरे तो प्रशासन को सख्ती से काम लेना पड़ेगा. बुधवार को भी बड़ी संख्या में नागरिक वाहन लेकर रास्तों पर निकलते दिखाई दिए. पुलिस की कार्रवाई होने के बावजूद इस तरह लोगों का रास्ते पर निकलना बेहद चिंताजनक है.
पुलिस विभाग द्वारा पहले 31 मार्च तक जमावबंदी का आदेश जारी किया गया था. पीएम द्वारा 14 अप्रैल तक पूरे देश में लाकडाउन घोषित किए जाने के कारण मंगलवार की शाम दोबारा ज्वाइंट सीपी रवींद्र कदम ने शहर में जमावबंदी और लाकडाउन का आदेश जारी किया. पहले की ही तरह 5 से ज्यादा लोग एक स्थान पर जमा नहीं होंगे. जीवनावश्यक वस्तुओं को छोड़कर सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान, कारखाने गैरेज, जिम, स्वीमिंग पूल, सिनेमा घर और गोदाम बंद रहेंगे. सार्वजनिक यातायात सुविधाएं भी पूरी तरह बंद रहेंगी. किसी आवश्यक काम के चलते यदि किसी को घर से बाहर निकलना तो पुलिस से अनुमति लेनी होगी. चारपहिया वाहन में भी 2 से ज्यादा लोग नहीं बैठ पाएंगे. क्वारेंटाइन किए गए लोगों को भी दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा. वरना उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
