अंबरनाथ : मोहन ग्रुप के खिलाफ FIR

अंबरनाथ : अंबरनाथ शहर के पश्चिम स्थित कोहोज खुंटवली में मोहन ग्रुप लाइफ स्टाइल नामक बिल्डिंग में उल्हासनगर के एक व्यवसायी मनोहर वजीरानी ने फ्लैट खरीदा है. अग्रीमेंट के अनुसार बिल्डर द्वारा सुविधाएं उपलब्ध न कराए जाने को लेकर स्थानीय पुलिस ने अदालत के आदेश पर बिल्डर पर मामला दर्ज किया है. वहीं, बिल्डर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पुलिस की जांच में दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा.

मिली जानकारी के अनुसार मनोहर वजीरानी का आरोप है कि बिल्डर ने तय स्क्वेअर फुट से  कम एरिया का मकान  दिया है, पानी लीकेज, मेंटीनेंस का हिसाब बिल्डर द्वारा न देना, सोसायटी रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी काग़ज़ात न देना और ऐसी अन्य अनेक गड़बड़ियों के चलते बिल्डर ने उनको और इमारतवासियों को तकलीफ़ दी है. समझाने के बावजूद भी बिल्डर नहीं माना तो उन्होंने अंबरनाथ पुलिस में शिकायत की.  इसके बावजूद बिल्डर पर कोई असर नहीं होता देख  मनोहर वज़ीरानी ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. न्यायालय ने पुलिस प्रशासन को तहकीकात करके आईपीसी के तहत मामला दर्ज करने के आदेश दिए और इसी के चलते देर रात अंबरनाथ  पुलिस स्टेशन में मोहन ग्रुप के  जितेंद्र लालचंदानी, अमित गांधी, दीपक मनचंदा और एक अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 420,406,407,415, और महाराष्ट्र सदनिका अधिनियम मोपा कानुन अंतर्गत  6/10/11 के तहत एफआईआर दर्ज किया गया है.

जब इस संदर्भ में भवन निर्माण क्षेत्र की कंपनी मोहन ग्रुप के अमित गांधी से बात की तो उन्होंने अपनी कंपनी का पक्ष रखते हुए कहा कि मनोहर वजीरानी द्वारा लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद व झूठे हैं, गांधी ने कहा कि वे पुलिस को जांच करने में पूरा सहयोग देंगे व पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी कि हम बेकसूर हैं व हमने अग्रीमेंट के अनुसार सारी सुविधाएं फ्लैट धारक को मुहैया कराई हैं.