ताज की सुरक्षा पर सुप्रीम कोर्ट नाराज
नई दिल्ली, ताजमहल के संरक्षण को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने कहा कि ताजमहल के संरक्षण के लिए कोई कुछ नहीं कर रहा है। कोर्ट ने केंद्र और उप्र सरकार से कहा कि कोर्ट को सोमवार तक बताया जाए कि ताज की सुरक्षा के लिए कौन जिम्मेदार है? उप्र सरकार की तरफ से ताजमहल को लेकर विजन डॉक्युमेंट का ड्राफ्ट पेश करने को लेकर कोर्ट ने कहा कि क्या यहां तमाशा हो रहा है? कोर्ट ने पूछा कि इतने समय में भी आप ड्राफ्ट पेश कर रहे हैं, क्या इसमें फिर से संशोधन करेंगे?
डीएम को जमकर लताड़
कोर्ट ने सुनवाई दौरान पेश हुए आगरा के डीएम को जमकर लताड़ा। कोर्ट ने डीएम से कहा कि यहां तमाशा हो रहा है या मजाक चल रहा है। कोर्ट ने केंद्र और उप्र सरकार से कहा कि कोर्ट को सोमवार तक बताया जाए कि ताज की सुरक्षा के लिए कौन जिम्मेदार है?
अदालत का निर्देश
सर्वोच्च न्यायालय के जस्टिस लोकुर ने कहा, 'एक अथॉरिटी होनी चाहिए, जो जिम्मेदारी ले। ऐसा लग रहा है जैसे अथॉरिटीज ने ताज से हाथ धो लिया है। हम ऐसी स्थिति में हैं कि हमने एक विजन डॉक्युमेंट तैयार किया है, जिसमें एएसआई की कोई हिस्सेदारी नहीं है।' सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार को आदेश दिया कि वे इसके लिए अधिकारियों और अथॉरिटीज को नियुक्त करें, जो ताजमहल के रखरखाव का काम करेगी और ताज ट्रेपेजियम जोन को फिर से विकसित करेगी।
