PM, रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस
नई दिल्ली : कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा निर्मला सीतारमण पर राफेल विमान सौदे को लेकर सदन को 'गुमराह करने' का आरोप लगाते हुए मंगलवार को उनके खिलाफ लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया।
सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से सुमित्रा महाजन को दिए गए इस नोटिस में आरोप लगाया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 20 जुलाई को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए सदन को 'गुमराह करने वाला बयान' दिया।
खड़गे ने कहा, 'लोकसभा में कार्यवाही और प्रक्रिया के नियम 222 के तहत मैं सदन को गुमराह करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देता हूं।' रक्षा मंत्री के खिलाफ ऐसे ही एक अन्य नोटिस में पार्टी ने कहा कि 20 जुलाई को चर्चा में हस्तक्षेप करते हुए निर्मला सीतारमण ने सदन को 'गुमराह करने वाला' बयान दिया था।
