महंगाई की मार! आज से 3 रुपये तक महंगा हो गया अमूल-मदर डेयरी का दूध, जानें नई कीमतें

नई दिल्ली. आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है. मदर डेयरी (Mother Dairy) और अमूल (Amul) का दूध (Milk) आज से महंगा हो गया है. मदर डेयरी ने अपने विभिन्न किस्म के दूध में 3 रुपये प्रति लीटर तक और अमूल ने अपने दूध के दाम 2 रुपये लीटर तक बढ़ा दी है. नई दरें आज से लागू हो गई हैं.

मदर डेयरी ने टोकन और थैली वाले दूध की कीमतें 2 से 3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाई है. वहीं, अमूल ब्रांड नाम से डेयरी उत्पाद बेचने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने कहा, उसने गुजरात के अहमदाबाद व सौराष्ट्र, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिम बंगाल, मुंबई एवं महाराष्ट्र में दूध के दाम में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है.

इसलिए बढ़ाई दूध की कीमतें
जीसीएमएमएफ देशभर में प्रतिदिन 1.4 करोड़ लीटर दूध की आपूर्ति करता है, जिसमें से 33 लाख लीटर की आपूर्ति दिल्ली-एनसीआर में की जाती है. मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में 30 लाख लीटर से ज्यादा दूध की आपूर्ति करती है. दोनों कंपनियों ने कीमतों में वृद्धि के लिए कच्चे दूध की खरीद की ऊंची लागत को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि उन्हें दूध की बिक्री से होने वाली आय का करीब 80 प्रतिशत सिर्फ खरीदने में ही खर्च करना पड़ रहा है.
दूध के नए रेट्स
मदर डेयरी का टोकन दूध अब 2 रुपये महंगा होकर 42 रुपये प्रति लीटर होगा. फुल क्रीम दूध की एक लीटर वाली थैली अब 55 रुपये में और आधा लीटर थैली 28 रुपये में मिलेगी. टोन्ड दूध अब 45 रुपये लीटर में और डबल टोन्ड दूध 36 रुपये के बजाय 39 रुपये लीटर में मिलेगा. इसी तरह गाय का दूध भी 3 रुपये महंगा होकर 47 रुपये प्रति लीटर मिलेगा.अमूल दूध के नए भाव
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में अमूल गोल्ड और अमूल ताजा 2-2 रुपये महंगा होकर क्रमश: 55 रुपये और 44 रुपये लीटर में मिलेगा. अमूल का गाय दूध का दाम भी 42 रुपये की जगह 44 रुपये प्रति लीटर होगा.
अमूल ने कहा कि पिछले तीन साल में उसने थैली वाले दूध के दाम में केवल दो बार बदलाव किए हैं. बयान में कहा गया है, इस साल पशु चारे के दाम में 35 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है. चारे की कीमत बढ़ने और अन्य लागत को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है. मदर डेयरी ने कहा, मानसून लंबा खींच जाने और दूध उत्पादन के अनुकूल सत्र की देर से शुरुआत समेत विपरीत मौसम परिस्थितियों के चलते विभिन्न राज्यों में दूध की उपलब्धता कम हुई है. प्रतिकूल मौसम के कारण पशुचारा की कीमतें भी बढ़ गयी हैं. इसका असर दूध उत्पादकों को किये जाने वाले भुगतान पर पड़ा है. सर्दियों में कच्चे दूध की कीमतें सामान्यत: कम हो जाती हैं, लेकिन इस बार बढ़ गयी हैं.
दूध उत्पादक किसानों का भुगतान 6 रुपये प्रति लीटर बढ़ा
कंपनी ने कहा कि दूध उत्पादक किसानों को किया जाने वाला भुगतान करीब 20 प्रतिशत यानी 6 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ गया है. इस कारण उसे दाम बढ़ाने पर बाध्य होना पड़ा है.