भितरघात से भाजपा की हार, मीरा-भाइंदर में निर्दलीय गीता जैन जीतीं
भाइंदर : मीरा-भाइंदर विधानसभा सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार गीता भरत जैन ने १५,३९७ मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र लालचंद मेहता को पराजित किया। गीता जैन भाजपा की नगरसेविका हैं और उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगा था। इस तरह से गीता जैन को मीरा-भाइंदर शहर की पहली महिला विधायक निर्वाचित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। गीता जैन को कुल ७९,१२५ मत मिले। भाजपा के नरेंद्र मेहता को ६३,७२८ मत मिले जबकि ५५,५८८ मतों के साथ कांग्रेस के मुजफ्फर हुसैन तीसरे क्रमांक पर रहे। २,६०१ मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया।
मीरा-भाइंदर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं की कुल संख्या ४,३७,१४४ है। गीता जैन भाजपा की नगरसेविका और पूर्व महापौर थीं। जैन ने चुनाव से पूर्व भाजपा पार्टी से टिकट की मांग की थी। पार्टी द्वारा उन्हें टिकट न दिए जाने से नाराज जैन निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरी थीं। कयास लगाया जा रहा है कि जैन शीघ्र ही पुन: भाजपा में शामिल होंगी।
