मंदिर निर्माण के लिए रथ यात्रा के बहाने माहौल बनाएगा संघ!

लखनऊ : सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने राम मंदिर निर्माण को लेकर जन-जागरण की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पहली बार विजयादशमी पर्व पर रथयात्रा निकाली जाएगी।। इस शोभा यात्रा में राम के साथ राम मंदिर निर्माण को लेकर माहौल बनाया जाएगा। यह यात्रा लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों से गुजरेगी। यात्रा की शुरुआत गोमती नगर के सामाजिक परिवर्तन स्थल से होगी, जहां संघ के प्रांत प्रचारक कौशल जी का उद‌्बोधन भी होगा।
34 प्रमुख चौराहों से गुजरेगी यात्रा
कार्यक्रम के आयोजन से जुड़े अभिषेक सिंह बताते हैं कि रथ यात्रा के लिए पूरी तैयारी हो चुकी है। एक गाड़ी पर रथ बनाया गया है। इस पर प्रभु श्रीराम का चित्र भी लगाया गया है। यह यात्रा लखनऊ गोमती नगर से शुरू होकर ट्रांसगोमती के प्रमुख हिस्सों से होते हुए परिवर्तन चौक और फिर कपूरथला, अलीगंज होते हुए वापस यहीं पर खत्म होगी।

इस दौरान यह लखनऊ के प्रमुख 34 चौराहों से होते हुए गुजरेगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, रामधुन और जय श्री राम के नारों के साथ लोगों के बीच राम मंदिर निर्माण का महत्व भी बताया जाएगा। यात्रा में लोगों के बीच बांटने के लिए राम मंदिर और उसके महत्व से जुड़ा साहित्य भी बांटा जाएगा। वह बताते हैं कि यह आयोजन अपनी तरह का अनूठा आयोजन होगा।