दहेजलोभियों ने की विवाहिता-बेटी की जहर देकर हत्या
औरंगाबाद, दहेज में बकाया एक लाख रुपए व सोने की चेन मैयकेवालों ने नहीं दिया तो नाराज ससुरालवालों ने जहर देकर विवाहिता व उसकी मासूम बेटी को मार डाला। यह घटना कुटुम्बा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव की है। मृतकों में राजेश कुमार की पत्नी 22 वर्षीया आरती कुमारी व उसकी डेढ़ वर्षीया बेटी गुड्डी कुमारी शामिल है। घटना की सूचना के बाद कुटुम्बा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस मामले में मृतका के भाई खुदवां थाना के भदुआ गांव निवासी अमरेश कुमार ने केस दर्ज कराया है। जिसमें मृतका के पति राजेश कुमार, ससुर दुधेश्वर मेहता, दिनेश मेहता को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। जिनसे थाने में पूछताछ की जा रही है। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पति ने जहर खिलाकर मारने के बाद इस मामले पर पर्दा डालने के लिए बीमारी का नाटक रचा। निजी क्लिनिक में भर्ती कराया और फोन कर बताया कि तुम्हारी बहन व भांजी की गंभीर तबीयत खराब है। मृतका के मायके वाले रात में ही अस्पताल पहुंचे। जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि मृतका व उसकी बेटी को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। वहीं अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि जहर खाने से मृतका व उसकी बेटी की मौत हुई है।.
