सीता समाहित स्थल मंदिर का पहला तल पानी से भरा
सीतामढ़ी, भारी बारिश ने पिछले कई वर्षों का रिकार्ड तोड़ दिया। महज 12 घंटे की तेज बारिश से सीता समाहित स्थल मंदिर के निचले तल में बारिश का पानी भर गया। मंदिर के अंदर पानी नहीं पहुंचा है, लेकिन यह पहली बार देखा गया है कि निचले तल का पूरा हिस्सा बारिश के पानी से लबालब हो गया। ऐसी स्थिति पिछले दो दशक में कभी भी नहीं देखी गई थी। नारेपार की शुक्लान बस्ती में घुटने तक पानी भर गया।.
बस्ती निवासी जगदीप शुक्ला का रिहायशी मकान भरभरा कर गिर गया। बनकट की तिवारी बस्ती सहित कुछ बस्तियों में बारिश का पानी भर जाने से ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सीतामढ़ी स्थित मां जानकी पेट्रोल पंप की लगभग 100 फीट की बाउंड्री गिर गई। इसी तरह इटहरा स्थित शिवकरन मिश्र इंटर कालेज की लगभग 40 फीट बाउंड्री बारिश के पानी से गिर गई। इसी गांव के कमला शंकर मिश्रा की पक्की दालान गिर गई। बारीपुर गांव में आधा दर्जन गरीबों का मकान बारिश के पानी से गिर गया है। गांव के सुभाष दुबे, फूलचंद, अशोक, मुन्नन हरिलाल आदि गरीबों के रिहायशी मकान गिर गए।.