एक फोटो के लिए युवती ने एलआईसी एजेंसी को दिए लाखों रुपये

मदद के बहाने एलआईसी एजेंट ने युवती से दोस्ती की और उसकी फोटो खींच ली। बाद में फोटो को सोशल साइट्स पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर छह लाख नकद और करीब ढाई लाख रुपये के गहने वसूल लिए। परेशान होकर युवती से मझोला थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने शनिवार को आरोपी अनूप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उसके ऊपर छेड़छाड़ और रेप के प्रयास का भी आरोप है।
मझोला थाना के काशीरामनगर चौकी क्षेत्र निवासी युवती ने शुक्रवार को छजलैट के गांव अनूप सिंह के खिलाफ फोटो वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी वसूलने का मुकदमा दर्ज कराया। युवती के अनुसार 2016 में वह अपनी मां के साथ एलआईसी की किश्त जमा करने बुद्धिविहार कार्यालय पर गई थी। वहां आरोपी अनूप सिंह मिला, जिसने खुद को एलआईसी का एजेंट बताया। आरोपी ने मदद करने के बहाने से युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। बाद में कॉल करके बातचीत करता रहा। एक दिन कॉल करके एक्सीडेंट होने की बात कहकर युवती को मझोला थाने के पास स्थित चाय की दुकान पर बुलाया और उसकी फोटो खींच लिया। बाद में फोटो को एडिट करके वायरल करने की धमकी देकर युवती से 25 हजार रुपये ले लिए। आरोप है कि इसके बाद कई किश्त में आरोपी ने युवती से छह लाख रुपये और करीब ढाई लाख रुपये के बहने ले लिए। इसके बाद भी वह बीस हजार रुपये की मांग करने लगा। परेशान होकर युवती ने शुक्रवार को थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। एसएचओ मझोला रूपेंद्र गौड़ ने बताया कि इस मामले में इंस्पेक्टर क्राइम राजेंद्र सिंह ने विवेचना की तो छेड़छाड़ और रेप के प्रयास का मामला भी सामने आया। जिसके लिए मुकदमे में धारा बढाई गई। शनिवार को पुलिस ने आरोपी अनूप सिंह निवासी गांव दूल्हेपुर थाना छजलैट को जीरो पॉइंट के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।