अस्पतालों के वॉर्डों को वातानुकूलित करने का निर्णय, केईएम से होगी शुरुआत
मुंबई, मनपा के अस्पतालों में आज भी एक से बढ़कर एक डॉक्टर मरीजों का उपचार करते हैं। इसके बावूजद गंदगी और बदहाली को लेकर अक्सर अस्पताल सुर्खियों में रहते हैं। गरीब मरीजों की यह चाह रहती है कि उन्हें भी निजी अस्पतालों की तरह देखभाल और उपचार मिले। मरीजों को बेहतरीन सुविधा और अस्पताल में स्वच्छता कायम रहे, इसे लेकर मनपा आयुक्त ने कल कई बड़े निर्णय लिए हैं। अब मनपा के अस्पताल भी कूल-कूल होंगे। मनपा आयुक्त ने अस्पतालों के वॉर्डों को वातानुकूलित करने का निर्णय लिया है, जिसकी शुरुआत केईएम अस्पताल से होगी। अस्पतालों के हो रहे कायाकल्प के पीछे शिवसेना का बड़ा योगदान है।
बता दें कि कल मनपा आयुक्त प्रवीण परदेशी और मनपा स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष अमेय घोले ने केईएम अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के बाद अस्पताल और मरीजों की जरूरतों को लेकर चर्चा की। शिवसेना के नगरसेवक व स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष ने मरीजों को होनेवाली परेशानियों से मनपा आयुक्त को अवगत करवाया और उन्हें अस्पताल के कायाकल्प करने की योजना के बारे में बताया। मरीजों को अच्छी सुविधा व बेस्ट उपचार मिले इसके लिए सकारात्मकता दिखाते हुए केईएम अस्पताल के वॉर्डों को चरणबद्ध तरीके से वातानुकूलित करने, प्रत्येक वॉर्ड के लिए सफाई कर्मचारी नियुक्त करने की घोषणा की।
इसी के साथ अस्पताल के आधुनिकीकरण करने की बात कही। स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष अमेय घोले ने बताया कि मनपा अस्पतालों में उपचार के लिए आनेवाले मरीजों को भी बेहतरीन सुविधा मिलनी चाहिए। हम चरणबद्ध तरीके से सारे अस्पताल का इंप्रâास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी अपग्रेड करेंगे। मरीजों के अलावा अस्पताल में काम करनेवाले डॉक्टरों की भी यह मांग थी, अस्पताल में मल्टी पर्पज टर्फ कोर्ट बनाई जाए। इसी के साथ होस्टल की दुरुस्ती करने और अस्पताल के आधुनिकीकरण करने का निर्णय लिया गया हैं। केईएम अस्पताल के बाद मनपा के अन्य अस्पतालों का कायाकल्प किया जाएगा। मनपा अस्पतालों में आनेवाले गरीब रोगियों की समस्या कम कर उन्हें ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया कराने के लिए शिवसेना प्रयासरत है।