जोगेश्वरी में एस्केलेटर को स्वीकृति, रेल यात्रियों में खुशी की लहर!
मुंबई. जोगेश्वरी रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर को मंजूरी दे दी गई है, इस संबंध में भारतीय रेल मंत्री पियूष गोयल ने स्वीकृति संबंधी पत्र वर्सोवा विधानसभा की विधायक डॉ. भारती लव्हेकर को दिया है। गत कई वर्षों से जोगेश्वरी की जनता इस संबंध में डॉ. भारती लव्हेकर से एस्केलेटर लगवाने की मांग कर रही थी। जिसको लेकर विधायक डॉ. भारती लव्हेकर ने अथक प्रयास किये और अंतत: रेल मंत्री द्वारा एस्केलेटर को मंजूरी दे दी गई है। अब जल्द ही जोगेश्वरी के बुजुर्ग और बीमार रेल यात्रियों को एस्केलेटर की सुविधा का लाभ मिल सकेगा। डॉ. भारती लव्हेकर ने हमारे संवाददाता को जानकारी देते हुए बताया कि वेस्टर्न रेलवे ने एस्केलेटर खरीद लिया है, जो कि यार्ड में है और जल्द ही यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लगाया जाएगा। मुंबई महानगर पालिका ने भी जग की अनुमति दे दी है। इस कार्य को देखते हुए जोगेश्वरी की जानता ने डॉ. भारती लव्हेकर की सराहना की है।
