राजमार्ग विकास और परिचालन के क्षेत्र में निजी निवेश:गडकरी
नयी दिल्ली: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में सड़क एवं राजमार्ग क्षेत्रों में काम में तेजी लाने तथा कोष जुटाने को लेकर योजनाएं तैयार की गयी हैं। उन्होंने कहा कि निर्मित संपत्तियों को बाजार पर चढ़ाने के लिये परामर्श सेवाएं ली जाएंगी तथा निजी कंपनियों को आकर्षक योजनाओं की पेशकश की जाएंगी।
इसी संदर्भ में उन्होंने बताया कि ३००० किलोमीटर की परियोजनाओं को चिन्हित किया जा चुका है।
साथ ही पुराने वाहनों को कबाड़ में बदलने की नीति को और आकर्षक बनाने के अलावा एक्सप्रेस मार्ग और राजमार्गों का नेटर्वक तैयार करने को लेकर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिये योजनाएं तैयार की जा रही हैं।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बातचीत में कहा, ‘‘संपत्ति को बाजार पर चढ़ाने के लिये एनएचएआई को परामर्श देने को लेकर हम वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनुभव रखने वाले एक भारतीय विशेषज्ञ की सेवा लेने की योजना बना रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि परामर्शदाता संपत्ति से आय सृजित करने के बारे में सुझाव देने के अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को कोष की जरूरत को पूरा करने के लिये नये उपायों के बारे में भी परामर्श देगा।
गडकरी ने कहा कि इसके अलावा सरकार राजमार्गों के निर्माण में निजी कंपनियों को आकर्षित करने के लिये कदम उठाएगी इसलिए ३००० किलोमीटर सड़कों की पहचान की है।
वाहन कबाड़ नीति के बारे में मंत्री ने कहा कि वित्त मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय से सुझावों के साथ इसे और आकर्षक बनाया जाएगा।
इस नीति का मकसद एक अप्रैल २०२० से पुराने वाहनों को अनिवार्य रूप से कबाड़ में बदलने का रास्ता साफ करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे परियोजनाओं में तेजी लाने के अलावा २२ नये एक्सप्रेस मार्ग के निर्माण की योजनाओं को अमली जामा पहनाने में मदद मिलेगी।’’
