अब इस कांग्रेस नेता ने मांगे एयर स्ट्राइक के सबूत, कहा- अगले 10 दिनों में सब कुछ हो जाएगा Expose

नई दिल्ली : भारतीय वायु सेना के द्वारा पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर किए गए हमले को लेकर कांग्रेस लगातार पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोल रही है। बीते दिनों ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी से एयर स्ट्राइक को लेकर सबूत मांगे थे। अब इस कड़ी में मध्य प्रदेश के सतना से कांग्रेस नेता अजय सिंह ने भी एयर स्ट्राइक के सबूत मांगे हैं। एक रैली को संबोधित करते हुए अजय सिंह ने कहा कि भारतीय वायु सेना ने जो बम गिराए हैं वो जंगलों में गिरे हैं और कोई भी वहां हताहत नहीं हुआ है।   

अजय सिंह ने पीओके पर किए गए हवाई हमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि कुछ दिनों पहले पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर भारतीय वायु सेना ने बम गिराए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बालाकोट में सब कुछ तबाह हो गया है। न्यूयॉर्क टाइम्स (NY Times) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि भारतीय हवाई हमले में कुछ भी नष्ट नहीं हुआ है। अगर आज नहीं, तो अगले 10 दिनों में पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश हो जाएगा।

इसके पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने भी एयर स्ट्राइक के सबूत मांगते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे बड़े झूठे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने जिस तरह ओसामा बिन लादेन के मारे जाने का सबूत दुनिया के सामने दिया था ठीक इसी प्रकार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी आतंकी ठिकानों पर किए गए सैन्य हवाई हमले का भी सबूत देश के सामने देना चाहिए।

गौरतलब है कि पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट स्थित जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े प्रशिक्षण शिविर पर हवाई हमला किया था, क्योंकि पुलवामा हमले की जिम्मेदारी जैश ने ही ली थी।