मुकेश अंबानी लेना चाहते हैं पुलवामा हमले में शहीदों के बच्चों की शिक्षा और रोजगार की जिम्मेदारी

नई दिल्ली: मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस ने गुरुवार को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सभी 40 जवानों के बच्चों की पढ़ाई और उनके रोजगार की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जाहिर की है। रिलायंस की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया, 'पूरा रिलायंस परिवार दुख की इस घड़ी में जम्मू श्रीनगर हाइवे पर गुरुवार को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमले में शहीद हुए 40 जवानों के परिवार के साथ है।'

फाउंडेशन ने कहा, 'दुनिया की कोई भी ताकत भारत की एकता को खत्म नहीं कर सकती और न ही इंसानियत के दुश्मन आतंकियों को हराने के हमारे संकल्प को कमजोर कर सकती है।' भारतीय नागरिक होने के साथ साथ कॉर्पोरेट नागरिक के तौर पर हम सुरक्षा बल और अपनी सरकार के साथ इस दुख की घड़ी में खड़े हैं। रिलायंस फाउंडेशन ने कहा, 'शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए रिलायंस फाउंडेशन उनके बच्चों की शिक्षा और रोजगार के साथ साथ परिवार की आजीविका की पूरी जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार है। यदि जरूरत पड़ी तो हमारे अस्पताल में घायल जवानों का सभी संभव इलाज किया जाएगा। यदि सरकार हमें कोई और जिम्मेदारी देती है, तो हम वह भी लेने के लिए तैयार हैं।'

बता दें कि गुरुवार को जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए एक आत्मघाती हमले में 40 जवान शहीद हो गए। हमले के सिलसिले में पुलिस ने अवंतीपुरा में सात लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं फिदायीन की पहचान आदिल अहमद के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि इस पूरे हमले की योजना कामरान नाम के एक पाकिस्तानी नागरिक ने बनाई थी जो जैश ए मोहम्मद का सदस्य है।