31 दिसंबर की रात में हुड़दंगियों पर शिकंजा कसने के लिए मुंबई की सड़कों पर 40 हजार से भी ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे

मुंबई में नए साल के स्वागत में होने वाले आयोजनों के दौरान हुड़दंगियों पर शिकंजा कसने तथा सड़कों पर होने वाली छेड़खानी की घटनाओं को रोकने के लिए 31 दिसंबर की रात में मुंबई की सड़कों पर 40 हजार से भी ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को बताया कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं को रोकने के लिए कई जगह स्पेशल स्क्वाड की तैनाती की जाएगी।महानगर पुलिस के प्रवक्ता व उपायुक्त मंजूनाथ सिंगे के अनुसार, 'नए साल को लेकर बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का आरक्षित पुलिस बल, होमगार्ड और बम निरोधक स्क्वाड सहयोग करेंगे। तोड़फोड़ निरोधक दस्ता भीड़भाड़ वाले इलाकों की जांच कर रहा है। समुद्रतटीय इलाकों में मरीन पेट्रोलिंग की जाएगी।'नववर्ष पर गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए चलाए गए विशेष अभियान में टीम को शुक्रवार को अंधेरी में एक कार से 945 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। इस मामले में गोटू गुर्जर नामक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।