तिलक नगर के सरगम सोसाइटी में लगी भीषण आग, पांच की मौत, दो घायल
मुंबई के चेंबूर में एक हाउसिंग सोसाइटी में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई. आग लगने की यह घटना तिलक नगर के गणेश गार्डन के पास सरगम सोसाइटी के 14वीं मंजिल पर हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, अभी तक इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है. वहीं, दो लोग घायल बताए जा रहे हैं. घायलों में एक दमकलकर्मी भी है. फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां घटनास्थल पर मौजूद हैं और आग पर काबू पाने में लगी हुई हैं. इसके साथ ही बचाव कार्य अभी भी जारी है. अधिकारियों ने इसे गंभीर स्तर की आग घोषित कर दिया है. आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है.उधर, मुंबई के ही भेंडी बाजार के डोंगरी जेल रोड में गुरुवार को एक गोदाम में आग लग गई. फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं. इसके अलावा गुरुवार को ही नवी मुंबई के जुईनगर स्टेशन पर एक लोकल ट्रेन में आग लग गई. आग लगने से धुआं इतना तेज उठा कि पूरे प्लेटफॉर्म पर धुआं भर गया. आग लगने के बाद लोगों ने इसकी तस्वीर ट्विटर पर शेयर की. इस हादसे में भी अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इससे पहले भी मुंबई में आग लगने की कई घटनाएं हुई हैं. दिसंबर महीने में ही अंधेरी के मारोल में सरकारी ईएसआईसी कामगार अस्पताल में आग लग गई थी. घटना में छह लोगों की उसी दिन मौत हो गई थी. बाद में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई थी.
