जम्मू-कश्मीर: आतंकियों ने की एक और नागरिक की हत्या, शनिवार सुबह किया था अगवा
श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में आतंकी वारदातें रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार सुबह आतंकियों ने जिस एक स्थानीय नागरिक का अपहरण किया था उसकी भी हत्या कर दी है। इससे पहले आतंकियों ने एक छात्र को अगवा कर उसकी बर्बर तरीके से हत्या कर दी और फिर हत्या का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। शनिवार सुबह आतंकियों ने शोपियां ने सैदपोरा इलाके से अगवा कर लिया था। इसे लेकर पुलिस ने एक मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।इससे पहले पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिद्दीन ने नदीम मंजूर नाम के एक स्कूली छात्र की हत्या कर दी थी जो 11वीं का छात्र था। आतंकियों को शक था कि नदीम मंजूर जासूसी का काम करता था और इसलिए उसे कैमरे के सामने गोली मार दी गई। वीडियो में साफ दिख रहा है कि आतंकी नदीम मंजूर के सर पर कई गोलियां मार रहे हैं।मंजूर का शव पुलवामा के एक गांव से मिला था। सेना ने इस घटना की निंदा की थी। भारतीय सेना के जीओसी एके भट्ट ने कहा, 'इन आतंकियों का न तो कोई धर्म नहीं है और न तो कोई मूल्य। उन्होंने एक युवा को मारा है। आतंकी हमले का कारण अभी भी अज्ञात है, लेकिन निश्चित रूप से, यह एक आतंकी हमला है। हम इसकी निंदा करते हैं।'नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने आतंकियों के इस कृत्य की निंदा करते हुए लिखा है, 'हिजबुल के आतंकियों द्वारा 11वीं के छात्र की हत्या की खबर काफी परेशान करने वाली है। इस तरह के कामों के लिए कोई भी तर्क नहीं होना चाहिए और जो लोग ऐसे संगठनों से सहानुभूति रखते हैं उनसे मेरा बस यही सवाल है कि इस तरह की हत्याएं कैसे कश्मीर को एक बेहतर और आजाद जगह बना सकती हैं।'
