14वीं मंजिल से कूदकर कपल ने दी जान, वायरल हुआ यह वीडियो

गाजियाबाद: दिल्ली से सटे गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां रिवर हाइट्स अपार्टमेंट की 14वीं मंजिल से कूदकर युवक-युवती ने आत्महत्या कर ली। मृतक लड़के की पहचान विक्की के रूप में हुई है। दोनों के शव ओपन पार्किंग एरिया से बरामद किए गये जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस हादसे से पहले का एक सीसीटीवी का फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में यह कपल शनिवार दोपहर में लिफ्ट में 15वीं मंजिल की तरफ जाते हुए दिख रहा है। खबरों की मानें तो सबसे पहले लड़की ने छलांग लगाई और जैसे ही सिक्योरिटी गार्ड को धड़ाम सी आवाज आई तो उसने देखा कि एक युवती की लाश वहां पड़ी हुई है।
गार्ड वहां खड़ा ही था कि युवक ने भी ऊपर से छलांग लगा दी जो सिक्योरिटी गार्ड के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में इस सिक्योरिटी गार्ड को भी चोट आई है। गार्ड का इलाज किया जा रहा है।
पुलिस ने फिलहाल मामले पर कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। स्थानीय लोगों की मानें तो इमारत की 15वीं मंजिल पर काम चल रहा था। आपको बता दें कि शुक्रवार को आत्महत्या का एक मामला फरीदाबाद के सूरजकुंड से सामने आया था जहां एक घर से चार भाई बहनों की लाशें मिली थी। खबरों के मुताबिक ये चारों भाई-बहन किराए पर यहां रहते थे।