ड्रग्स के ओवरडोज में मां को दिया धक्का, हुई मौत

मुंबईः नशे के आदी एक पूर्व मॉडल के बेटे ने मां को मौत के मुंह में धकेल दिया। शुक्रवार को सुनीता सिंह (45) को लोखंडवाला स्थित उनके घर से हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को लक्ष्य पर शक था क्योंकि उसने पहले बयान दिया था कि उसकी मां बाथरूम में फिसल गई थीं। बाद में लक्ष्य ने कबूल किया कि ड्रग्स के ओवरडोज में उसकी मां के साथ बहस हो गई थी, जिसके बाद उसने उन्हें बाथरूम की तरफ धक्का दे दिया था।

पुलिस ने बताया कि ऑटाप्सी रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सुनीता की मौत नलके में सिर टकराने से हुई। पूछताछ के लिए दोबारा बुलाने पर लक्ष्य ने अपना गुनाह कबूल किया। मीडिया रपटों के मुताबिक, लोखंडवाला स्थित घर में सुनीता के साथ लक्ष्य और उसकी गर्लफ्रेंड रहते थे। हादसे से पहले रात में लक्ष्य का एक दोस्त निखिल भी घर पर था। सबने मिल कर ड्रग्स पार्टी की। इसके बाद सुनीता और उनके बेटे में बहस हुई। बहस के बाद न सिर्फ लक्ष्य ने अपनी मां को बाथरूम में धक्का दिया, बल्कि बाहर से दरवाजा भी बंद कर दिया, जहां वे रात भर पड़ी रहीं।