एशिया कप: पाक को पटखनी देकर फाइनल में जगह बनाने उतरेगी टीम इंडिया

एशिया कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने सामने होंगी. ग्रुप में पाकिस्तान को पटखनी देने के बाद अब टीम इंडिया सुपर फोर मुकाबलों में भी आगे की तरफ देख रही है. तीन मैचों में तीन जीत के बाद भारत की कोशिश फाइनल में जगह बनाने उतरेगी. वहीं पाकिस्तान की कोशिश होगी कि अपने खेल को सुधारे, पाकिस्तान ने अपना पिछला मैच अफगानिस्तान के साथ खेला जिसमें महज तीन गेंद रहते जीत दर्ज की. भारत बनाम पाकिस्तान का आज का मुकाबला दुबई में शाम पांच बजे से खेला जाएगा.

ग्रुप मैच में पाक ने खाई भारत से मात

तीन दिन पहले ही ग्रुप मैच में भारत ने पाकिस्तान को आठ विकेट से धोया था. इसके बावजूद टीम इंडिया पाकिस्तान के साथ आज होने वाले मुकाबले को हल्के में नहीं लेना चाहेगी. टूर्नामेंट के शुरूआती मैच में कमजोर हांगकांग ने भारत के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाया था लेकिन इसके बाद टीम इंडिया ने सरफराज अहमद की टीम के खिलाफ मैच में एकजुट होकर शानदार प्रदर्शन किया. छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने कप्तान रोहित शर्मा के अर्धशतक से 21 ओवर रहते ही जीत हासिल कर ली. वहीं बांग्लादेश को भी एकतरफा तरीके से रौंद दिया.

टीम इंडिया के करिश्माई कप्तान भले ही टीम के साथ नहीं हैं लेकिन टीम अपने खेल में कोई कमी नहीं दिखा रही है. उम्मीद के मुताबिक टीम दुबई की पिच पर शानदार खेल दिखा रही है. गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही डिपार्टमेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है.

भारत की ओपनिंग जोड़ी फॉर्म में

पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने पारी का आगाज करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की और इसके बाद उन्होंने बांग्लादेश पर सात विकेट की जीत में 83 रन की पारी खेली. रोहित के साथी सलामी जोड़ीदार शिखर धवन ने भी इंग्लैंड की मुश्किल भरी परिस्थितयों में खराब समय के बाद यहां रन जुटाये और हांगकांग के खिलाफ शतक सहित तीनों मैचो में रन बनाये.

मिडिल ऑर्डर में धोनी का अनुभव और टीम का जोश

मध्यक्रम में अम्बाती रायुडू और दिनेश कार्तिक की जोड़ी इस बड़े मैच में मौके का फायदा उठाते हुए उपयोगी योगदान करना चाहेगी. रायुडू और कार्तिक दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच में नाबाद 31 रन बनाये थे, पर बांग्लादेश के खिलाफ ऐसा नहीं कर सके. अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी ने शुक्रवार को क्रीज पर कुछ समय बिताया और 37 गेंद में 33 रन बनाये थे. केदार जाधव ने अपनी गेंदबाजी के अलावा बल्ले से भी अपनी अहमियत साबित की है. खासकर गेंदबाज़ी में तो वो पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी परेशानी बने थे.

जडेजा ने वापसी करते हुए दिखाया दम

एक साल से ज्यादा समय बाद वापसी कर रहे रविंद्र जडेजा ने भी मौके का अच्छा फायदा उठाया और बांग्लादेश के खिलाफ चार विकेट चटकाये. वह और बेहतर करने के लिये बेताब हैं. पाकिस्तान उनसे सतर्क रहना चाहेगा जो निचले क्रम में बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं.

भारत की गेंदबाजी में भी धार

भारतीय टीम तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जसप्रीत बुमराह की जोड़ी से शुरूआत में विकेट हासिल करने की उम्मीद करेगी और स्पिनरों को गेंदबाजी पर लगाने से पहले पाकिस्तान को दबाव में लाना चाहेगी. युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव दो मुख्य स्पिनर हैं लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में केदार ने धीमे गेंदबाजों में सबसे ज्यादा विकेट हासिल किये थे.