एटीएस को नहीं पता, कहां है यासीन भटकल

पुणे : राज्य एटीएस जर्मन बेकरी बम ब्लास्ट केस के मुख्य आरोपी मोहम्मद अहमद सिद्दीबप्पा उर्फ यासीन भटकल को कोर्ट के सामने एक बार भी नहीं ला सकी है। वहीं बुधवार को एटीएस ने यह कह दिया कि उसे नहीं पता कि फिलहाल भटकल कहां है। इस बारे मे लिखित जानकारी पुणे सेशन कोर्ट को दी गई, जिसके बाद डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज केडी वाधने ने यरवडा सेंट्रल जेल प्रशासन से जवाब मांगा है।

साल 2010 में हुए इस बम ब्लास्ट का केस इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक भटकल के न मिलने से पिछले तीन साल से आगे नहीं बढ़ सका है। मामले में सेशन कोर्ट ने सुनवाई 22 अगस्त, 2014 से अब तक 71 बार आगे बढ़ाई है और अभी तक आरोप ही तय किए जा रहे हैं। कोर्ट के सामने यह स्थिति बचाव पक्ष के वकील जहीर खान पठान ने रखी और जब एटीएस से जवाब मांगा गया तो उन्होंने भटकल के बारे में जानकारी न होने की बात कही। पठान का कहना है कि रिमांड के वक्त भटकल को कोर्ट के सामने पेश किया गया था, तब वह एटीएस की कस्टडी में था।