कहां गायब हैं एचडीएफसी बैंक के वाइस प्रेजिडेंट! मुंबई पुलिस के हाथ नहीं लगा है कोई सुराग

मुंबई: एचडीएफसी बैंक के वाइस प्रेजिडेंट सिद्धार्थ संघवी की गुमशुदगी के तीन दिन बीत जाने के बाद भी मुंबई पुलिस के हाथ खाली हैं। संघवी 5 सितंबर से मुंबई स्थित कमला मिल्स ऑफिस से गायब हैं। इस संबंध में संघवी के परिजन ने एन.एम.जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में 39 वर्षीय सिद्धार्थ के लापता होने की शिकायत दर्ज करवा रखी है। एडिशनल सीपी डॉ. रवींद्र शिशवे ने बताया कि पुलिस हर पहलू से इस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, मलबार हिल में रहने वाले सिद्धार्थ को लोगों ने आखिरी बार बुधवार शाम कमला मिल्स कंपाउंड स्थित दफ्तर से करीब 8:30 बजे घर के लिए निकलते हुए देखा था। लेकिन, वे घर नहीं पहुंचे। सिद्धार्थ की कार लावारिस हालत में गुरुवार को नवी मुंबई के कोपरखैराने की एक बहुमंजिला इमारत के नजदीक मिली थी। कार की सीट पर खून के धब्बे भी पाए गए थे। फोन भी नेटवर्क की पहुंच से बाहर बताया जा रहा है। संघवी के एक रिश्तेदार ने मीडिया को बताया कि उनका किसी से कोई लेना-देना नहीं था और वह अपने परिवार और नौकरी में व्यस्त रहते थे। हालांकि, पुलिस इस मामले को किडनैपिंग से भी जोड़कर देख रही है और सिद्धार्थ के मोबाइल लोकेशन और कॉल रेकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही, सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है। इस अहम मामले की जांच एन.एम. जोशी मार्ग पुलिस के सामानांतर मुंबई क्राइम ब्रांच भी कर रही है। हालांकि, संघवी के अचानक गायब होने, उनकी कार पर खून के धब्बे और चाकू पाए जाने एवं संघवी द्वारा परिजन से संपर्क नहीं किए जाने से पुलिस के हाथ-पांव फूले हुए हैं। खुलकर तो नहीं, मगर पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों द्वारा उनकी हत्या कर लाश को गायब कर दिए जाने की भी चर्चा पुलिस जांच दल के बीच जमकर चलने की खबर है। पुलिस हत्या के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा संघवी के परिजन को कोई ठोस जानकारी नहीं दिए जाने से वे लोग चिंतित हैं।