सोमवार को महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरेंगे िवरोधी दल

 मुंबई, भारत बंद को सफल बनाने के लिए मुंबई और महाराष्ट्र कांग्रेस ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। मुंबई से संजय निरुपम और महाराष्ट्र प्रदेश से अशोक चव्हाण ने व्यापक तैयारियों का दावा किया है। पार्टी का कहना है कि बंद शांतिपूर्ण होगा। कांग्रेस आम आदमी से अपील कर रही है कि बंद का समर्थन करें। लोग ऑटो, टैक्सी, ट्रेन, बस का उपयोग नहीं करें।

भारत बंद के बारे में जानकारी देने के लिए शनिवार को कांग्रेस और राकांपा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन मुंबई कांग्रेस कार्यालय में किया। इस अवसर पर निरुपम ने दावा किया कि भारत बंद को राकांपा, जनता दल (शरद यादव), सीपीआई, सीपीएम, पीडब्लूपी, शेतकरी कामगार पार्टी, आरपीआई (जोगेंद्र कवाडे गुट), राजू शेट्टी की स्वाभिमानी शेतकरी पक्ष जैसे सभी भाजपा विरोधी दलों ने समर्थन दिया है। इसके अलावा, सभी मजदूर संगठन कांग्रेस के बुलाए भारत बंद के साथ हैं। बैंक, इंश्योरेंस कंपनी, पेट्रोल पंप असोसिएशन, होटल वालों के संगठन आहार सहित मुंबई के सभी 27 बड़े बाजारों ने बंद आंदोलन पर सहमति दी है। निरुपम ने दावा  किया कि भारत बंद 100 प्रतिशत सफल होगा। कांग्रेस के भारत बंद का समाजवादी पार्टी ने भी समर्थन किया है। देर शाम पार्टी अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने समर्थन का ऐलान किया। आजमी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी की सरकार को कोई चिंता नहीं है। बंद का मीरा-भाईंदर जिला कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता राजकुमार मिश्रा ने कहा कि यहां शत-प्रतिशत बंद सफल रहेगा।