फिल्म के प्रमोशन से काजोल को क्यों होती है चिढ़

मुंबई। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा में से एक काजोल की आने वाली फिल्म हेलीकॉप्टर ईला है। इस फिल्म और फिल्मी दुनिया में अपने सफर को लेकर काजोल ने जागरण डॉट कॉम के स्पेशल शो लाइट्स कैमरा एक्शन में बात की। इसमें उन्होंने जागरण डॉट कॉम के एंटरटेनमेंट एडिटर पराग छापेकर के साथ प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ से जुड़े कई राज खोले। 

काजोल ने आजकल फिल्मों की प्रमोशन एक्टिविटीज के ट्रेंड को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सब उन्हें बहुत बोरिंग लगता है लेकिन अब उन्होंने यह सब सीख लिया है। काजोल असल जिंदगी में सफल अभिनेत्री होने के साथ-साथ मां भी हैं। हेलीकॉप्टर ईला में भी उनका यह अवतार देखने को मिलेगा। काजोल ने अपनी मां तनुजा के बारे में बताते हुए कहा कि, मेरी मां बहुत काम करती थी। वैसे मैं नानी और परनानी के साथ ज्यादा रही हूं। इसके बाद बोर्डिंग स्कूल चली गई थी। मां से गुस्सा होने का समय नहीं मिला। लेकिन यह बताना चाहती हूं कि मेरी मां बहुत प्रोग्रेसिव और ब्रेव थी। उनका लेवल कुछ और ही था। मेरी फिल्मों में मेरी एक्टिंग जो है वो आज की सोसायटी के हिसाब से है लेकिन मेरी मां ने हटकर काम किया है जो समय से बहुत पहले ही कर दिया था। बतौर मां बात करूं तो मेरे बच्चे जरूर मुझसे बोलते हैं की हमें स्पेस दो। मां अब ड्रामा बंद कर दीजिए। मुझे लगता है कि एेसा हर मां के साथ होता है। लेकिन आज जनरेशन गैप आ गया है। जितना मैं अपनी मां से डरती थी उतना मेरे बच्चे मुझसे नहीं डरते। जनरेशन गैप के कारण बच्चों के समझने में और उन्हें समझाने में समय लगता है। मेरा मानना है कि, हमें थोड़ा सा वक्त देना चाहिए। क्योंकि इंटरनेट के होने से इन्फॉर्मेंशन का फ्लो बहुत फास्ट है। ज्यादा इन्फॉर्मेंशन मिल रही है बच्चों को। क्या उम्र के लिए सही है नहीं है, यह गैप नहीं लेकिन समझ है पैरेंट्स की, कि हम समझे और उन्हें समझाए कि क्या सही और क्या गलत इन्फॉर्मेंशन है।