महाराष्ट्र की राजनीति में फिर भूचाल... भाजपा ने कर दी फडणवीस को सीएम बनाने की मांग
महाराष्ट्र : महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर से बड़ा भूचाल आने की आहट है। यहां मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कोई एक व्यक्ति टिक नहीं पा रहा है। सबसे पहले यहां भाजपा के साथ चुनाव लड़कर शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद की लालच में अघाड़ी महागठबंधन के साथ सरकार बना ली थी।
मगर उद्धव ठाकरे ज्यादा समय तक सीएम नहीं रह सके। उन्हीं की पार्टी के बड़े नेता एकनाथ शिंदे 40 से अधिक शिवसेना के विधायकों को तोड़कर भाजपा के समर्थन से नई सरकार बना ली। अब एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के सीएम हैं।
वहीं भाजपा की सरकार में पूर्व सीएम रहे देवेंद्र फडणवीस एकनाथ शिंदे सरकरा में डिप्टी सीएम बनकर संतोष की बाट जोह रहे हैं। मगर अब भाजपा के एक नेता ने देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर दी है। इससे सियासत के गलियारे में चर्चाओं का माहौल गर्म हो गया है।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने रविवार को कहा कि जब तक वह पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष हैं, तब तक राज्य के समग्र विकास के लिये उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनना चाहिए।
बावनकुले का यह बयान उनके पूर्ववर्ती चंद्रकांत पाटिल के उस बयान के कुछ महीने बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पार्टी ने भारी मन से फडणवीस के बजाय शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया था।
चंद्रकांत पाटिल फिलहाल शिंदे नीत सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। बावनकुले की टिप्पणी से विपक्षी दलों को मसाला मिल गया है और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकपा) के मुताबिक यह दर्शाता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नजर में वर्तमान मुख्यमंत्री शिंदे का कोई महत्व नहीं है।
नागपुर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भाजपा नेता बावनकुले ने कहाकि जब तक मैं भाजपा की राज्य इकाई का अध्यक्ष हूं, फडणवीस को सीएम बनना चाहिए। इसके बाद उन्होंने ...लेकिन कहकर वाक्य को अधूरा छोड़ दिया और इसके बाद थोड़ा रुक गये।
दर्शकों में से कई लोगों की ओर से शब्द ‘मुख्यमंत्री’ का शोर मचाने पर बावनकुले ने अपना भाषण जारी रखते हुए कहा, ‘‘हम सभी को इस तरीके से काम करने की आवश्यकता है कि उन्हें (फडणवीस) मुख्यमंत्री पद मिल जाए। यह उन्हें पद दिलाने के बारे में नहीं है, बल्कि यह महाराष्ट्र राज्य के समग्र विकास के लिए है।’’
उन्होंने कहा कि यदि कोई एक व्यक्ति महाराष्ट्र के भविष्य को परिभाषित कर सकता है, तो वह देवेंद्र जी हैं। इसके पहले शिवसेना (यूबीटी)नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा था कि शिंदे की अगुवाई वाली सरकार अगले साल फरवरी तक नहीं टिक पाएगी।
