नवी मुंबई में 4.37 लाख का प्रतिबंधित गुटखा बरामद, तीन गिरफ्तार
नवी मुंबई : नवी मुंबई पुलिस की मादक पदार्थ विरोधी टीम ने गुजरात से प्रतिबंधित गुटखा लाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन वाहनों को जब्त कर के 4 लाख 37 हजार रुपए का प्रतिबंधित गुटखा बरामद किया है। पुलिस ने गुटखा की तस्करी करने वाले मुख्य सूत्रधार और दो वाहन चालकों को गिरफ्तार किया हैं।
नवी मुंबई पुलिस के एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को सूचना मिली कि गुजरात के वापी से जाइलो कार से प्रतिबंधित गुटखा ऐरोली सेक्टर-2 में लाया गया है, जिसे एक टेंपो में लादने की तैयारी हो रही है। इस सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बी.एस. सैयद और उनकी टीम ने इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान वहां पर उमेश शंभू भारती और अमरजीत रामप्रवेश सिंह द्वारा जाइलो कार से लाए गए गुटखा भरे बोरे को उतार कर टेंपो में लादते हुए पाया गया। जिन्हें पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया।
पुलिस ने जब उक्त दोनों वाहनों की जांच की तो कार में तीन लाख 11 हजार रुपए का गुटखा मिला, जबकि से टेंपो में 1 लाख 26 हजार रुपए का गुटखा बरामद हुआ। इसी बीच गुजरात से गुटखा की तस्करी करने वाले मुख्य सूत्रधार जय प्रदीप भानुशाली को भी अरेस्ट कर के होंडा सिटी कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बी.एस. सैयद ने बताया कि इन तीनों के खिलाफ रबाले पुलिस स्टेशन में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया गया है।
