मविआ के मोर्चे में दिखेगा जनता का गुस्सा! - NCP के अध्यक्ष शरद पवार
मुंबई : छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा फुले, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर आदि महापुरुषों के खिलाफ अपमानजनक बयान देनेवाले राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और भाजपा के अन्य नेताओं के बयान की वजह से आम जनता में भारी आक्रोश है। वहीं भाजपा नेताओं के बयान के विरोध में आज महाविकास आघाड़ी (मविआ) की ओर से महामोर्चा निकाला जाएगा। इस महामोर्चे में जनता का गुस्सा दिखाई देगा, ऐसी प्रतिक्रिया राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने व्यक्त की है। मविआ को मोर्चा निकालने की अनुमति मिलने के बाद शरद पवार ने उक्त प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
महापुरुषों के बारे में अपमान जनक वक्तव्य, सीमा विवाद, कर्नाटक के मुख्यमंत्री का विवादास्पद बयान, बेरोजगारी, महंगाई के निषेध में महाविकास आघाड़ी की ओर से आज १७ दिसंबर को महा मोर्चा निकालने का आयोजन किया गया था, लेकिन पुलिस की अनुमति नहीं मिल रही थी, जिसके कारण राज्य का सियासी माहौल गर्म था। कल देवेंद्र फडणवीस ने मोर्चा की अनुमति की जानकारी मीडिया को दी। उसके बाद शरद पवार ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने गुरुवार को कहा था कि लोकतंत्र में मोर्चा निकालने का सभी को अधिकार है। उसी समय उन्होंने अनुमति का स्पष्ट संकेत दे दिया था। इसलिए मुझे इसमें कोई आश्चर्य नहीं दिखाई दे रहा है। यह मोर्चा लोगों में व्याप्त गुस्से का परिणाम है, ऐसा भी पवार ने कहा।
