मसाज सर्विस ढूंढ रहा था शख्स, साइट पर दिखी पत्नी और बहन की तस्वीर....
महाराष्ट्र: मुंबई में खार का रहने वाला एक शख्स मालिश करने वाले की तलाश के लिए एक एस्कॉर्ट वेबसाइट का उपयोग कर रहा था, लेकिन वहां वह अपनी पत्नी और बहन की तस्वीरें देखकर हैरान रह गया. खार के 31 वर्षीय व्यक्ति ने फिर पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद मामले से जुड़ी एक महिला को गिरफ्तार किया गया और उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जहां उससे पूछताछ जारी है.
जानकारी के अनुसार, शख्स द्वारा एस्कॉर्ट वेबसाइट पर तस्वीरें देखने के बाद, उसने अपनी पत्नी और बहन से बात की. दोनों ने बताया कि उनकी तस्वीर चार साल पुरानी है और इसे उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया हुआ था. इसके बाद उस शख्स ने बुकिंग के लिए वेबसाइट पर दिए गए एक नंबर पर संपर्क किया, जिसका जवाब एक महिला ने दिया. शख्स ने महिला को खार पश्चिम के एक होटल में मिलने के लिए कहा और वह महिला मान गई.
महिला उनसे मिली और घटना के बारे में पूछे जाने पर वह मारपीट पर उतर आई और भागने की कोशिश करने लगी. हालांकि, युवक ने किसी तरह आरोपी महिला को पकड़ लिया, जिसे बाद में थाने ले जाया गया. जांच के बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया जिसकी पहचान रेशमा यादव के रूप में हुई है. पुलिस को शक है कि महिला उस गिरोह का हिस्सा है जो सोशल मीडिया से ऐसी एस्कॉर्ट और मसाज वेबसाइट पर खूबसूरत महिलाओं की तस्वीरें अपलोड करते हैं.
पुलिस ने रेशमा यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया, उसे एक अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस रेशमा यादव से जुड़े सभी लोगों की तलाश कर रही है. साथ ही पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें अपलोड करते समय सावधानी बरतने की भी अपील की है. उन्होंने बताया, “अपने प्रोफाइल को लॉक रखना चाहिए ताकि कोई इसका गलत इस्तेमाल न कर सके.”
