गुजरात में जीत के लिए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष बधाई - उद्धव ठाकरे
मुंबई, ‘मैं गुजरात में जीत के लिए भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष बधाई देता हूं। गुजरात की यह जीत ऐतिहासिक है।’ इन शब्दों में शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा का अभिनंदन किया। गुजरात के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश विधानसभा के नतीजे घोषित हुए और वहां कांग्रेस को शानदार जीत मिली।
दिल्ली मनपा चुनाव में ‘आप’ ने भाजपा को हरा दिया। इस बारे में भी उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और ‘आप’ को बधाई दी। गुजरात की जीत के बारे में बोलते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘गुजरात का नतीजा अपेक्षित था। गुजरात चुनाव एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लड़ा गया। इसलिए लोगों ने भाजपा को भरपूर वोट दिया। उस जीत में लगता है कि ‘महाराष्ट्र से भगाकर ले जाए गए बड़े उद्योगों’ का भी फायदा हुआ होगा।’ उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि ‘प्रधानमंत्री मोदी ११ तारीख को महाराष्ट्र आ रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि वे मुंबई मनपा चुनाव को ध्यान में रखते हुए यहां भी कोई बड़ा एलान करेंगे। यह भी साफ हो गया है कि ‘आप’ ने गुजरात में बड़े पैमाने पर वोटों का विभाजन करके भाजपा को फायदा पहुंचाया है। ठीक है, सबकी अपनी-अपनी राजनीति सुविधानुसार चलती रहती है।’
