अवैध इमारतों में जारी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई क्यों नहीं
शहर में बिना फायर एनओसी जारी लाउंज, बार, होटल, अस्पताल और हुक्का पार्लर के खिलाफ ठाणे स्वाभिमान संगठन ने कार्रवाई की मांग की है। संगठन की तरफ से मनपा की लापरवाही के खिलाफ गुरुवार को आंदोलन किया गया। इस दौरान ठाणे स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अग्निशमन विभाग के प्रमुख शशिकांत काले का घेराव किया।• निसं, ठाणे: शहर में बिना फायर ब्रिगेड की एनओसी के अब भी कई लाउंज, बार, होटल, अस्पताल, रेस्त्रां और हुक्का पार्लर चल रहे हैं। ऐसे में शहर में कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। शहर के बार और होटलों को साल में दो बार फायर ब्रिगेड की एनओसी लेना जरूरी है, लेकिन यह आदेश महज कागजों में सिमट कर रह गया है।
विभिन्न सरकारी विभागों की तरफ से होटल, बार और अस्पताल को चलाने की अनुमति दी गई है। कई प्रतिष्ठान अवैध इमारतों में हैं, इसलिए इन्हें अग्निशमन विभाग की तरफ से एनओसी नहीं मिली है। अग्निशमन विभाग की एनओसी न पाने वाले ऐसे प्रतिष्ठानों को 26 सितंबर 2017 को मनपा की तरफ से नोटिस जारी किए गए थे। लेकिन, किसी ने भी मनपा के पास कागज जमा नहीं किए। ये नोटिस कमला मिल दुर्घटना के बाद जारी हुए थे। हालांकि जिन्होंने कागज जमा किए थे, उनमें से करीब 150 को एनओसी मिल गई है। अवैध इमारतों में चल रहे करीब 308 प्रतिष्ठानों को फायर ब्रिगेड की तरफ से एनओसी नहीं मिली है। उस समय अवैध इमारतों में स्थित प्रतिष्ठानों को आर्थिक दंड लगाकर उन्हें एनओसी देने की बात कही गई थी। सूत्रों के मुताबिक, अब तक उस दिशा में शहर विकास विभाग की तरफ से कुछ नहीं किया गया है। करीब 200 से अधिक अस्पताल भी अवैध निर्माणों में चल रहे हैं।
