'गदर' का मासूम जीते याद है ना! बड़े पर्दे पर 'जीनियस' बनकर कर रहा है वापसी
मुंबई। वैसे तो हर साल बॉलीवुड में तमाम एक्टर अपना करियर शुरू करते हैं, मगर हम यहां ऐसे कलाकारों की बात करेंगे, जिन्होंने किसी महत्वपूर्ण या मुख्य किरदार से फ़िल्मी पारी शुरू की है। साल 2018 में ऐसे 18 नये चेहरे हैं, जो सिनेमा की दुनिया में अपनी मौजूदगी दर्ज़ करवा रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि इनमें से एक भी चेहरा ऐसा नहीं है, जो फ्रेश हो, क्योंकि किसी ना किसी रूप में इनका नाता कैमरे से रहा है। इनमें बड़ी संख्या ऐसे कलाकारों की है, जो बॉलीवुड के किसी फ़िल्मी परिवार से ताल्लुक रखते हैं।
फ़िल्मी परिवारों की विरासत
इन्हीं में से एक हैं उत्कर्ष शर्मा, जो जीनियस से बॉलीवुड में हीरो के रूप में अपनी पारी शुरू कर रहे हैं। वैसे डेब्यू से कई साल पहले उत्कर्ष 'गदर- एक प्रेम कथा' जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म का हिस्सा रह चुके हैं। इस फ़िल्म को उनके पिता अनिल शर्मा ने ही डायरेक्ट किया था। गदर में उत्कर्ष ने सनी देओल और अमीषा पटेल के बेटे का किरदार निभाया था। फ़िल्म 24 अगस्त को रिलीज़ हो रही है। उत्कर्ष के इस गदर कनेक्शन को उनके पिता ने टीज़र लांच के साथ ही याद करवाना शुरू कर दिया था। गदर के दृश्य टीज़र में नज़र आये।
टीज़र सोशल मीडिया में शेयर करते हुए अनिल शर्मा ने लिखा भी था- देखो जीते कितना बड़ा हो गया है। ख़ैर अब तो फ़िल्म दर्शकों के हाथ में पहुंच रही है। अंतिम फ़ैसला उन्हीं का रहेगा कि जीते को गदर मचाने का मौक़ा देते हैं या नहीं। इसी फ़िल्म से इशिता चौहान बतौर लीडिंग लेडी डेब्यू कर रही हैं। इशिता भी चाइल्ड आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने हिमेश रेशमिया की फ़िल्म आपका सुरूर से फ़िल्मों में काम करना शुरू किया था। 'जीनियस' में नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी नेगेटिव किरदार में दिखाई देंगे। फ़िल्मी परिवारों की विरासत को आगे बढ़ाने वाले एक्टर्स में सबसे अहम नाम श्रीदेवी और बोनी कपूर की बेटी जाह्नवी कपूर का है, जिन्होंने इस साल धड़क से अपनी बॉलीवुड ईनिंग शुरू कर दी है। मराठी फ़िल्म 'सैराट' के इस रीमेक को शशांक खेतान ने डायरेक्ट किया, जबकि करण जौहर ने फ़िल्म का निर्माण किया है। जाह्नवी के डेब्यू में उनका साथ दिया ईशान खट्टर ने, जो नीलिमा अज़ीम और राजेश खट्टर के बेटे हैं, जबकि शाहिद कपूर के हाफ़ ब्रदर हैं। धड़क ईशान की दूसरी फ़िल्म है। उन्होंने ईरानी निर्देशक माजिद मजीदी की फ़िल्म 'बियांड द क्लाउड्स' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत कर दी थी।
जाह्नवी के बाद साल 2018 का दूसरा सबसे चर्चित डेब्यू सारा अली ख़ान का है, जो सैफ़ अली ख़ान और अमृता सिंह की बेटी हैं। यह लगभग तय हो चुका है कि सारा रोहित शेट्टी की फ़िल्म सिम्बा से बॉलीवुड पारी शुरू करने जा रही हैं, जिसमें रणवीर उनके को-स्टार हैं। सारा का डेब्यू पहले अभिषेक कपूर की फ़िल्म केदारनाथ से होने वाला था, जिसमें सुशांत सिंह राजपूत मेल लीड रोल निभा रहे हैं, मगर यह फ़िल्म लेट हो गयी है और सुनने में आ रहा है कि अगले साल ही रिलीज़ हो सकेगी
सलमान ख़ान के ब्रदर-इन-लॉ आयुष शर्मा की फ़िल्मी पारी इसी साल लवरात्रि से शुरू हो जाएगी। आयुष वैसे तो राजनीतिक परिवार से आते हैं, मगर फ़िल्मों से उनका रिश्ता पत्नी अर्पिता ख़ान के ज़रिए जुड़ा, जो सलमान की बहन हैं। आयुष के साथ वरीना हुसैन फ़ीमेल लीड में फ़िल्मों में क़दम रख रही हैं।
