५२ हजार फेरीवालों को कर्ज मंजूरी

मुंबई, फेरीवालों को आत्मनिर्भर बनाने की योजना के तहत मनपा ने अपना टारगेट लगभग पा लिया है। मुंबई में एक लाख फेरीवालों को मनपा तलाश कर कर्ज दे रही है। अबतक ५२ हजार फेरीवालों को मंजूरी पत्र जारी किया है। ये लोग किसी भी राष्ट्रीयकृत बैंक से फेरीवाला आत्मनिर्भर निधि योजना (पीएम स्वनिधि योजना) के तहत कर्ज ले सकते हैं। आगामी दिनों में इस योजना के तहत अन्य ४८,००० फेरीवालों को लाभार्थी बनाने के लिए कर्ज मंजूरी पत्र देगी।
बता दें कि मुंबई में नवंबर के मध्य तक इस योजना के लिए पात्र फेरीवाले नहीं मिल रहे थे जबकि दिसंबर में यह आंकड़ा बढ़ गया। मनपा के २४ प्रशासनिक वॉर्डों में फेरीवालों की तलाश अभियान चलाकर युद्ध स्तर पर की गई और अंतत: मनपा ने अपने टारगेट को प्राप्त कर लिया। एक लाख फेरीवालों को इस योजना के लिए तलाश लिया गया है। यह लक्ष्य को हासिल करना मनपा के लिए बड़ी उपलब्धि रही है।
मनपा के उपायुक्त (विशेष) संजोग काबरे ने कहा कि ५२ हजार पात्र फेरीवालों को आत्मनिर्भर योजना के तहत बैंक से कर्ज के लिए पत्र दिया गया है। मात्र ४८ हजार फेरीवालों को पत्र देने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हमने एक लाख पात्र फेरीवालों को ऋण देने के अपने लक्ष्य को लगभग पा लिया है। इस योजना के लिए यह अंतिम सप्ताह है। इसके लिए हमें बड़ी मशक्कत करनी पड़ी।