अगले साल ५०० कैब होंगी लॉन्च, सड़कों पर उतरेंगी ५ हजार इलेक्ट्रिक बेस्ट बाइक
मुंबई, बेस्ट अब मुंबई में बसों के अलावा ओला-उबर की तरह आरामदायक टैक्सी की यात्र भी कराएगी। ओला-उबर जैसी कार्पोरेट कंपनियों को इससे कड़ी टक्कर मिलेगी। जी हां, नए साल में इसकी लॉन्चिंग होगी और बेस्ट के बेड़े में ५०० नई कैब शामिल होंगी। बेस्ट ऐप के जरिए इन कैब की बुकिंग की जा सकेगी। बेस्ट ने यात्रियों के लिए बस में उतरने के साथ ही सुनिश्चित ठिकाने पर पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रिक बाइक योजना की शुरुआत की है। जून तक इन इलेक्ट्रिक बाइकों की संख्या ५ हजार करने की तैयारी दर्शाई है। इतना ही नहीं, भविष्य में बेस्ट मुंबई के तीनों तरफ फैले समुंदर में भी वाटर टैक्सी की शुरुआत करेगी। यह जानकारी बेस्ट व्यवस्थापक लोकेश चंद्रा ने दी। बेस्ट की ओर से मनपा को दिए अपने अनुमति बजट में इन सभी विषयों का जमकर उल्लेख किया गया है।
मुंबईकरों के लिए बेस्ट दूसरी लाइफटाइम कही जाती है। मुंबईकरों के लिए तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। बेस्ट ने जून २०२२ में इलेक्ट्रिक बाइक की शुरुआत की थी। इसे अच्छा प्रतिसाद मिला। जिसके बाद अंधेरी, विलेपार्ले, खार, सांताक्रुज, जुहू, बांद्रा, माहिम, दादर में भी सेवा शुरू की गई। मौजूदा समय में ७०० इलेक्ट्रिक बाइक मनपा के अलग-अलग बस स्टॉप के पास यात्रियों की सेवा के लिए तैनात की गई हैं।
