बांद्रा किले और माहिम किले के बीच ३.५९ किमी ‘साइकिल ट्रैक’
मुंबई, मुंबईकर जल्द ही शहर में समंदर किनारे स्वतंत्र रूप से साइकिल चला सकेंगे। बांद्रा किले और माहिम किले के बीच ३.५९ किमी ‘साइकिल ट्रैक’ और ‘बोर्ड वर्क’ के प्रस्ताव को मनपा ने हाल ही में मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर २१८ करोड़ रुपए खर्च होने की उम्मीद है। इस परियोजना को अगले डेढ़ साल में पूरा होने की संभावना है।
मुंबई में कई पुराने पर्यटनस्थल हैं। शहर के तीनों तरफ समुद्र तट होने के नाते यह पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र भी है। यहां समुद्री किनारों का सौंदर्यीकरण करने की योजना भी है। मुंबई में पर्यटक स्थलों के विकास के लिए पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने अगस्त २०२१ में मुंबई मनपा को कई प्रस्ताव दिया था, जिसे धीरे-धीरे मनपा ने अब बढ़ावा दिया है। उनमें से एक प्रस्ताव को माहिम किले से बांद्रा किले तक साइकिल ट्रैक को हाल ही में मनपा ने मंजूरी दी है। यह परियोजना पूरी होने पर बांद्रा और माहिम समुद्र तट के किनारे साइकिल ट्रैक और बोर्डवॉक का लाभ मुंबईकर ले सकेंगे। इस परियोजना को पूरा होने में डेढ़ साल का वक्त लगेगा।
मनपा इस परियोजना को वर्ष २०२१ के शुरुआत में मंजूरी देने के पक्ष में थी। लेकिन कोरोना के दौरान मुंबई मनपा की आर्थिक स्थिति नाजुक हो गई थी। तिजोरी पर भार को देखते हुए मनपा ने इस प्रस्ताव को सुरक्षित रखा था। अब करीब १५ महीने बाद मुंबई मनपा ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है। परियोजना के पूरा होने के बाद १० साल तक रखरखाव एवं मरम्मत की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी।
