मुंबई में खुद को राजस्थान के शाही खानदान का बता महिलाओं से करता था ठगी, टिक टॉक रील स्टार गिरफ्तार

मुंबई : मुंबई में महिलाओं के साथ जालसाजी करने का एक अनोखा मामला सामने आया है. गोरेगांव पुलिस ने आरे कॉलोनी से एक 25 वर्षीय व्यक्ति को सोशल मीडिया पर एक महिला की निजी तस्वीरें अपलोड करने की धमकी देकर उससे जबरन वसूली करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पुखराज देवासी उर्फ राजवीर सिंह बड़ी ही चालाकी से महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था. इसके लिए आरोपी ने एक अनोखा तरीका अपना रखा था. 

आरोपी राजस्थानी महलों के भीतर अपनी सैकड़ों तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट करता था. इसके बाद युवा महिलाओं को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था. सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीरों को देखकर कई लोग उसे शाही ख़ानदान से जुड़ा हुआ मान लेते थे. इस झासे में आकर महिलाएं उसकी फ़्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार कर लेती थी.

गोरेगांव पुलिस के अधिकारी दत्तात्रेय थोपटे ने कहा कि महिलाओं से दोस्ती करने के बाद, वह उनके साथ प्यार करने का दावा करता था. इसके बाद वह उन महिलाओं को बहलाकर उनसे उनकी निजी तस्वीरें मांग लेता था. महिलाओं की निजी तस्वीरें मिलने के बाद वह उसके बदले उनसे जबरन पैसों की वसूली करता था. पैसे नहीं देने पर आरोपी इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देता था. कई महिलाएं उसके जाल में फंसकर उसे पैसे देने पर मजूबर हो जाती थीं.