हाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर बयानबाजी के बीच अब मुंबई में कर्नाटक CM बोम्मई के पोस्टर पर फेंकी गई काली स्याही...
मुंबई: महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद का मामला और भी अधिक गहराता जा रहा है. महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद पर बयानबाजी के बीच अब मुंबई बस स्टॉप पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के पोस्टर पर काली स्याही पोती गई है. समाचार एजेंसी एएनआई ने शनिवार को बताया कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई का एक पोस्टर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में महिम बस स्टॉप पर काली स्याही से पुता हुआ पाया गया. सोशल मीडिया पर इसकी कई तस्वीरें शेयर की गई हैं, जिसमें सीएम बोम्मई के पोस्टर पर काली स्याही देखी जा सकती है. यह महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच चल रहे सीमा विवाद के बीच आया है, जिसमें दोनों राज्यों के नेताओं ने एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं.
इससे पहले महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद में शुक्रवार को एक और घटना सामने आई, जहां कर्नाटक की बसों पर महाराष्ट्र समर्थक नारे लिखे गए. पुणे से प्राप्त एक रिपोर्ट में कहा गया कि मराठी समर्थक एक संगठन के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने कर्नाटक के स्वामित्व वाली बसों पर कथित तौर पर काली स्याही से ‘जय महाराष्ट्र’ जैसे नारे पेंट किये और बोम्मई के खिलाफ नारे लगाए. बेलगावी को लेकर अंतर-राज्यीय सीमा विवाद के चलते दोनों राज्यों के नेताओं के बीच जारी वाकयुद्ध के बीच यह कथित घटनाएं सामने आई हैं.
