श्रद्धा हत्याकांड में १४ लोगों के बयान दर्ज

मुंबई, निर्भया के बाद श्रद्धा हत्याकांड में नित नए खुलासे हो रहे हैं। इस हत्याकांड में नया खुलासा नालासोपारा क्षेत्र की समाजसेविका ने किया है। वसई-पूर्व में रहनेवाले आफताब को मांस खाने की भूख रहती थी। वह श्रद्धा को भी मांस खाने के लिए मजबूर करता था। समाजसेविका पूनम बिड़लान ने बताया कि श्रद्धा के नॉनवेज खाने से इनकार करने पर वह उसकी जमकर पिटाई करता था। श्रद्धा हत्याकांड में पुलिस ने वसई में अब तक १४ लोगों के बयान दर्ज किए हैं। सभी ने आफताब के हैवानियत की दास्तां बयां की है। अभी लोग आफताब को कड़ी सजा दिलाने के लिए खुलकर सामने आ रहे हैं।
पूनम बिड़लान ने बताया कि मुंबई में रहने के दौरान श्रद्धा उनसे तीन बार मदद मांगने आई थी। एक बार तो पूनम श्रद्धा को लेकर तुलिंज पुलिस थाने पहुंच गई थी और आफताब के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थीं। अगले दिन इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई जानी थी, इसके लिए श्रद्धा भी तैयार थी मगर आफताब के माता-पिता की बातों में आकर श्रद्धा ने शिकायत करने से इनकार कर दिया।
आफताब के दोस्त शशांक मोदी ने बताया कि टीवी पर आफताब की हैवानियत देखकर मैं हैरान हूं। किसी भी झगड़े का एक हल होता है। मैं आफताब का दोस्त हूं मगर उसके लिए कड़ी सजा की मांग करता हूं। कोर्ट उसे जल्द-से-जल्द फांसी या उम्रवैâद की सजा सुनाए। शशांक मोदी ने बताया कि आफताब के माता-पिता कुछ दिन पहले अपना घर किराए पर देना चाहते थे क्योंकि उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी।
बता दें कि दिल्ली पुलिस श्रद्धा हत्याकांड के सिलसिले में छानबीन के लिए वसई आई है। दिल्ली पुलिस ने माणिकपुर पुलिस की मदद से १४ लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। इन लोगों में श्रद्धा के दोस्त लक्ष्मण नाडार, राहुल राय, गॉडविन, शिवानी म्हात्रे और उनके पति, श्रद्धा के मैनेजर करण, श्रद्धा-आफताब के फ्लैट मालिक जयश्री पाटकर और यूनिक पार्क के सचिव का समावेश है। साथ ही पुलिस ने उन लोगों के भी बयान लिए जहां आफताब का परिवार रहता था। इनमें अब्दुल्ला खान, यूनिक पार्क के अध्यक्ष रामदास केवट और गोविंद यादव, जिन्होंने आफताब का सामान वसई से छतरपुर भेजा था, का समावेश था।