मुंबई के मलाड में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने 6 साल के बेटे की गला रेतकर की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुंबई : मुंबई के मलाड इलाके से हैरान देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक बाप ने अपनी 6 साल के बच्चे हत्या कर दी है. इस संदर्भ में मालवनी पुलिस ने आरोपी बाप के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ़्तार कर लिया है. मालवानी पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम नंदन अधिकारी जिसने अपनी पत्नी सुनीता के साथ पहले जमकर लड़ाई की और फिर पत्नी को परेशान करने के लिए उसने अपने बेटे लक्ष्य की कथित तौर पर हत्या कर दी.
यह घटना शनिवार की सुबह की है जब सुनीता अपनी 13 साल की बेटी को स्कूल छोड़ने गई और जब वो वापस घर लौटी तो उसने देखा कि लक्ष्य का शव घर के फर्श पर खून से लथपथ पड़ा है, जिसके बाद इस बात की जानकारी पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही मालवानी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में भेज दिया गया.
एक अधिकारी ने बताया की हत्या करने के बाद पुलिस ने आरोपी बाप को गिरफ्तार किया और पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. पूछताछ में पता चला है कि आरोपी और उसके पत्नी के बीच अक्सर किसी ना किसी बात को लेकर झगड़े होते रहते थे और अब पत्नी को परेशान करने के लिए बेटे की हत्या कर दी.
बीते दिनों महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक बेटे ने अपने पिता की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच काफी समय से किसी मुद्दे को लेकर विवाद चल रहा थी जिसके बाद झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि बेटे ने पिता को जान से मार डाला. मृतक की उम्र 60 साल की थी. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.
